Noida/Alive News: जिले में ई-बस सेवा शुरू तो हो गई, लेकिन जगह-जगह बस शेल्टर न होने के कारण लोगों को तेज धूप, भरी गर्मी और बारिश में खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ रहा है। जिस कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए परिवहन विभाग ने नोएडा प्राधिकरण को 85 नए बस शेल्टर बनाने के लिए रिपोर्ट भेजी है। विशेष रूप से परी चौक जैसे प्रमुख स्थान पर भी बस शेल्टर बनाए जाना अनिवार्य है।
परिवहन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में ई-बस के विभिन्न रूटों पर कुल 105 स्टॉपेज हैं, जिनमें से केवल 20 स्थानों पर ही बस शेल्टर उपलब्ध हैं। रूट नंबर-1 बॉटेनिकल गार्डन से एक मूर्ति तक कुल 16 स्टॉपेज हैं। इनमें केवल तीन बस स्टेशन बने हुए हैं, जबकि 13 नए बस शेल्टर बनाए जाने है। रूट नंबर-2 बॉटेनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट तक कुल 38 स्टॉपेज हैं। इनमें दस स्थानों पर बस स्टेशन मौजूद हैं, जबकि 28 नए शेल्टर बनाए जाने की आवश्यकता बताई गई है। रूट नंबर-3 बॉटेनिकल गार्डन से सूरजपुर तक कुल 32 स्टॉपेज हैं। इनमें केवल तीन बस स्टेशन हैं और 29 नए शेल्टर बनाए जाने की आवश्यकता है। वहीं रूट नंबर-4 पर कुल 19 स्टॉपेज हैं, जिनमें से चार स्थानों पर बस स्टेशन बने हुए हैं। शेष 15 स्टॉपेज पर यात्रियों की सुविधा के लिए नए बस शेल्टर बनाने है।
इन नए बस शेल्टर के बनने से लोगों को काफी सुविधा होगी और वह आराम से इस बसों का लुफ्त उठा सकेंगे।

