June 16, 2026

प्रचार के अभाव में खाली दौड़ रहीं ई-बसें, यात्रियों को नहीं जानकारी

Gungun Sharma/Alive News

Noida: जिले में ई-बस सेवा शुरू होने के साथ ही सोमवार को परिवहन विभाग ने इसके रूट और समय सारिणी भी निर्धारित कर दी थी, लेकिन पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण यात्रियों तक इसकी जानकारी नहीं पहुंच पा रही है। इसका असर ई-बसों की सवारियों पर साफ दिखाई दे रहा है। निर्धारित स्टॉपेज पर हर दस मिनट में बसें पहुंच रही हैं, लेकिन अधिकांश लोग अब भी ऑटो का ही सहारा ले रहे हैं।

ई-बस चालक सुनील यादव ने बताया कि वह सोमवार को ही आगरा से आए है और उन्हें अभी तक निर्धारित रूटों की पूरी जानकारी नहीं है। ऐसे में उन्हें गूगल मैप और स्थानीय लोगों की मदद लेकर बस का संचालन करना पड़ रहा है।

वहीं परिचालक अभिनाश ने बताया कि सेक्टर-37 से चार मूर्ति तक के पहले फेरे में उन्होंने करीब एक घंटे तक यात्रियों का इंतजार किया, लेकिन एक भी यात्री बस में नहीं चढ़ा। उन्होंने कहा कि सेक्टर-37 से बस खाली रवाना हुई, जिससे टिकट मशीन में एक भी एंट्री दर्ज नहीं हो सकी।

चालक सरदार ज्ञान सिंह का कहना है कि लोगों को अभी तक ई-बस सेवा की जानकारी नहीं है। यही कारण है कि यात्री चार मूर्ति समेत अन्य स्थानों तक जाने के लिए ऑटो का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बस में पूरे दिन में मुश्किल से दस यात्री ही सफर कर रहे हैं। उनका मानना है कि प्रशासन को ई-बस सेवा का व्यापक प्रचार-प्रसार करना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

मोरना डिपो पर बस में सवारी के लिए आवाज लगते मुकेश यादव ने कहा कि वे प्रत्येक स्टॉप पर ई- बस रुकवाकर सवारियां भरने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कई स्टॉप पार करने के बावजूद यात्रियों की संख्या बेहद कम है। उन्होंने कहा कि लोग अभी भी सिटी सेंटर और सेक्टर-52 जाने के लिए ऑटो को प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि उन्हें उम्मीद है कि जैसे-जैसे ई-बस सेवा का प्रचार बढ़ेगा और लोगों को इसकी जानकारी मिलेगी, यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।