Noida/Alive News: पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार को सुबह आसमान में बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि दोपहर के समय हल्की धूप निकली जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार शनिवार को भी जिले में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हालांकि मौसम विभाग ने अगले सप्ताह से तापमान में फिर से बढ़ोतरी की संभावना जताई है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से 11 जून तक अधिकतम तापमान लगातार बढ़ सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

