June 6, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने लगाये हजारों पौधे

Noida/ Alive News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन्स समेत कमिश्नरेट के सभी थानों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय सहित कमिश्नरेट के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भी पौधे लगाए।

कार्यक्रम के तहत कदम्ब, अमलतास, कचनार, अशोक, सहजन, मौलश्री, जामुन और गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कमिश्नरेट क्षेत्र में हजारों पौधे लगाए गए हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण के लिए निरंतर चलने वाला अभियान होना चाहिए।