June 6, 2026

तेजी से बदलते मौसम के मिजाज ने बढ़ाई अस्पतालों में मरीजों की संख्या, बरते सावधानी

Faridabad/Alive News: शहर में मौसम के तेजी से बदलते मिजाज का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। पिछले कुछ दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव और अचानक मौसम में बदलाव के कारण विभिन्न बीमारियों के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले सप्ताह अचानक मौसम में आए बदलाव के साथ वर्षा भी हुई थी और इस सप्ताह भी शुक्रवार को हुई बारिश के बाद मौसम काफी ठंडा हो गया था , लेकिन दोपहर होते ही फिर से तेज धूप निकली थी। मौसम में बदलाव का असर अब भी जारी है।

रोजाना बदलते मौसम के कारण इन दिनो सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। वीरवार को जिले का तापमान अधिकतम 34 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में इन दिनों सरकारी और निजी अस्पताल में बुखार, पेट दर्द, उल्टी और पेट संक्रमण के मामले आ रहा है।

बदलते मौसम में ये रखनी चाहिए सावधानी

– इन दिनों मौसम के अनुसार कपड़े पहनने, ठंडी चीजों से परहेज करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जाती है साथ ही, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और पौष्टिक आहार लेना भी जरूरी होता है।

– सुबह और रात के समय हल्की ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहने, जबकि दिन में हल्के कपड़ों का इस्तेमाल करें। इससे शरीर का तापमान संतुलित बना रहता है।

– साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, नियमित रूप से हाथ धोएं और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। जिन लोगों को पहले से एलर्जी या सांस संबंधी समस्याएं हैं, उन्हें अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।

– पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम भी शरीर को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हल्की-फुल्की एक्सरसाइज और योग से शरीर मजबूत रहता है और बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है।

क्या कहना है वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी का

जिला नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी मोहित अग्रवाल ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है, जिससे लोग जल्दी बीमार पड़ जाते हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में यह समस्या ज्यादा देखी जा रही है। सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की लंबी लाइन लग जाती है। इस समय अस्पताल में रोज लगभग 150 मरीज आते है जिनमें आधे से ज्यादा बुखार के मरीज होते है। बदलते मौसम के इस दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी बीमारी का कारण बन सकती है।