Faridabad/Alive News: अमेरिका इजरायल और ईरान के बीच “जैसे-जैसे तनाव बढ़ रहा है वैसे -वैसे” भारत में गैस सिलेंडर की किल्लत भी बढ़ती जा रही है, जिस कारण आम आदमी को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार बार -बार अपना बयान जारी कर यही कह रही है कि भारत में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। इन दिनों फरीदाबाद सेक्टर 50 डबुआ कॉलोनी लेजर वैली पार्क के सामने की सड़क भारत गैस एजेंसी का गोदाम बन गई है। घर पर सिलेंडर की डिलीवरी ना होने के कारण कई घंटों तक लोगों को सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े रहना पड़ा।
दो नंबर ई ब्लॉक निवासी बद्रीनाथ का कहना है कि अब गैस एजेंसी वाले घर पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दे रहे जिस कारण उन्हें यहां इस लाइन में सिलेंडर लेने के लिए कई घंटों तक खड़े रहना पड़ा। उनका कहना है कि अगर गैस एजेंसी वाले लोगों के सिलेंडर को घर तक पहुंचा देते तो किसी को भी लाइन में लगने की जरूरत नही पड़ती। उन्होंने कहा कि वह सुबह साढ़े सात बजे से सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे।
इसी तरह, अनमोल कुमार ने बताया कि उनकी बुकिंग 16 मार्च की थी, लेकिन अभी तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। मजबूरन उन्हें एजेंसी आकर लाइन में लगना पड़ा।
डबुआ कॉलोनी निवासी पवन वर्मा ने आरोप लगाया कि वह पिछले एक सप्ताह से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। एजेंसी की ओर से रोज बुकिंग कन्फर्म होने की बात कही जाती है, लेकिन स्लिप लेने के लिए लंबी कतार में खड़ा होना पड़ता है। उन्होंने बताया कि उन्होंने 20–25 दिन पहले ही सिलेंडर बुक कराया था।
क्या कहना है भारत गैस एजेंसी के प्रतिनिधि का
बुकिंग की संख्या अधिक है, जबकि सिलेंडरों की आपूर्ति सीमित है। उनके अनुसार, करीब 2500 बुकिंग के मुकाबले केवल 500 सिलेंडर ही उपलब्ध हो पाए हैं, जिसके चलते वितरण में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले जहां करीब 50 लोग आते थे, अब यह संख्या बढ़कर 100 तक पहुंच गई है।
- संतोष,एचएलएनटी भारत गैस एजेंसी

