Faridabad/Alive News: कार में लिफ्ट देकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना की पीड़िता के परिजनों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
निजी अस्पताल में भर्ती पीड़िता की हालत की जानकारी लेने के बाद राव नरेंद्र ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने पीड़िता का इलाज सरकार के खर्च पर कराने और मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर जल्द न्याय दिलाने की मांग की। राव नरेंद्र ने कहा कि आरोपियों की बर्बरता अमानवीय है और कानून को उन्हें सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए।
प्रदेशाध्यक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिला सुरक्षा पूरी तरह से विफल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के सुरक्षा दावों के बावजूद यह घटना हुई, जो प्रशासन की नाकामी को दर्शाती है। राव नरेंद्र ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस मामले में सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर मंच पर आवाज उठाएगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक, विधायक रघुवीर तेवतिया, पूर्व विधायक नीरज शर्मा सहित कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

