Faridabad/Alive News : श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में नव वर्ष के शुभ अवसर पर भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में बडकल विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक धनेश अदलखा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भजन-कीर्तन के दौरान विधायक धनेश अदलखा भक्तिमय माहौल में जमकर नाचे, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास देखने को मिला।
मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने विधायक धनेश अदलखा का फूल मालाओं से स्वागत किया और माता की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक अदलखा ने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह माता रानी से प्रार्थना करते हैं कि नया साल सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।विधायक धनेश अदलखा ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाला वर्ष बडकल विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास के नए आयाम लेकर आएगा। क्षेत्र में कई बड़े विकास परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी, जो आम जनता को समर्पित की जाएंगी।
मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने विधायक की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्षेत्र का यह सौभाग्य है कि उन्हें ऐसे विधायक मिले हैं, जो जनता को अपने परिवार की तरह मानते हैं और लगातार विकास कार्यों में जुटे रहते हैं। उन्होंने भी सभी श्रद्धालुओं को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और माता रानी से सभी के सुखी व समृद्ध जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में दिल्ली से विशेष रूप से आई रोहित कपूर की मंडली ने भजन और धार्मिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर उद्योगपति आर.के. बत्रा, प्रीतम भाटिया, नीरज अरोड़ा, राहुल, धीरज, योगेश और नीलम सहित अनेक श्रद्धालु माता के दरबार में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

