August 20, 2026

मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल में रामचरितमानस चौपाई और गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता

मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल में रामचरितमानस चौपाई और गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता

Faridabad/Alive News: जन कल्याण संस्था की ओर से श्री रामचरितमानस चौपाई एवं श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता के तहत मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-87 में विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन संस्था के फाउंडर प्रेसिडेंट एस.सी. गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ।

प्रतियोगिता में विद्यालय के 71 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें 44 विद्यार्थियों ने श्री रामचरितमानस चौपाई गायन और 27 विद्यार्थियों ने श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता में प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में संस्था के फाउंडर प्रेसिडेंट एस.सी. गुप्ता, पूर्व प्राचार्य प्रकाश चंद गांधी, रविन्द्र कुमार मनचंदा, लक्ष्मण शर्मा और जे.पी. शर्मा मौजूद रहे।

रविन्द्र कुमार मनचंदा ने बताया कि श्री रामचरितमानस चौपाई गायन में विद्यार्थियों ने बालकांड, अयोध्याकांड, सुंदरकांड सहित विभिन्न कांडों की चौपाइयों का सुंदर गायन किया। वहीं, श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

उन्होंने बताया कि एस.सी. गुप्ता पिछले 34 वर्षों से फरीदाबाद और पलवल के विद्यालयों में श्री रामचरितमानस चौपाई एवं श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन करवा रहे हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता की शुरुआत स्कॉलर्स प्राइड विद्यालय से हुई थी। इसके बाद डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-28 में प्रतियोगिता आयोजित की गई और अब मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-87 में इसका आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जोनल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जोनल स्तर के विजेता विद्यार्थी जिला स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता में प्रतिभागिता करेंगे। विद्यालय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जन कल्याण संस्था की ओर से विद्यालय में ही पुरस्कृत किया जाएगा।

रविन्द्र कुमार मनचंदा ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय एवं सनातन संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। साथ ही युवा पीढ़ी को धार्मिक ग्रंथों को पढ़ने, समझने और उनके संदेशों से सीख लेने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने कहा कि एस.सी. गुप्ता लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं कि युवा पीढ़ी श्रीरामचरितमानस में भगवान श्रीराम द्वारा दिखाए गए मर्यादा और आदर्शों तथा श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा बताए गए कर्म के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाए।

मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-87 के डायरेक्टर प्राचार्य यू.सी. वर्मा ने जन कल्याण संस्था के फाउंडर प्रेसिडेंट एस.सी. गुप्ता और उनकी पूरी टीम का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय भारतीय संस्कृति से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए हमेशा तत्पर रहता है। विद्यालय के विद्यार्थी और शिक्षक प्रतियोगिता की तैयारी में भी पूरी मेहनत करते हैं।

जन कल्याण संस्था ने भी डायरेक्टर प्राचार्य यू.सी. वर्मा, सहयोगी अध्यापकों, स्टाफ, विद्यार्थियों और पूरे विद्यालय परिवार की कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशंसा की और उनका आभार व्यक्त किया।