August 20, 2026

नौकरी करने की बात कहने पर बेटे ने पिता को चाकू मारा, आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में पिता पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी

Faridabad/Alive News: ओल्ड फरीदाबाद की भीम बस्ती में नौकरी करने की बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने पिता पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायल पिता का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास उर्फ विक्की निवासी भीम बस्ती, ओल्ड फरीदाबाद को 19 अगस्त को सैनी चौक, ओल्ड फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, भीम बस्ती निवासी बालकिशन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अगस्त 2026 की शाम वह अपनी पत्नी और दोनों बेटों के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान वह और उसकी पत्नी अपने बड़े बेटे विकास उर्फ विक्की को नौकरी करने और जीवन-यापन के लिए कोई काम-धंधा करने की बात कह रहे थे।

इसी बात को लेकर आरोपी विकास उर्फ विक्की अपने पिता के साथ गाली-गलौच करने लगा। इसके बाद उसने घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर अपने पिता बालकिशन पर हमला कर दिया। हमले में बालकिशन घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वर्तमान में उनका उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है।

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पलवल और फरीदाबाद में पहले से चार मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी विकास उर्फ विक्की को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।