Faridabad/Alive News: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को फरीदाबाद में प्रभावी तरीके से लागू करने और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ दिलाने के उद्देश्य से दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) फरीदाबाद के एसई अमित कंबोज की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़, ग्रेटर फरीदाबाद और एनआईटी फरीदाबाद के एक्सईएन सहित संबंधित अधिकारी और योजना से जुड़े सभी कॉन्ट्रैक्टर्स मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसई अमित कंबोज ने सभी कॉन्ट्रैक्टर्स को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घरों की छत पर सोलर रूफटॉप लगवाने वाले उपभोक्ताओं को हर संभव सहयोग दिया जाए। उन्होंने कहा कि योजना को सफल बनाने के लिए डीएचबीवीएन की ओर से उपभोक्ताओं और कॉन्ट्रैक्टर्स को पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
अमित कंबोज ने योजना के तहत सोलर रूफटॉप लगाने की प्रक्रिया में उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद अधिकारियों और कॉन्ट्रैक्टर्स ने योजना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और पात्र उपभोक्ताओं को इसका लाभ दिलाने को लेकर चर्चा की।
डीएचबीवीएन फरीदाबाद की ओर से सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप लगाकर बिजली की बचत करने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी योगदान दें।
डीएचबीवीएन ने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से न केवल उपभोक्ताओं को बिजली के खर्च में राहत मिल सकती है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

