May 1, 2024

सतयुग दर्शन में रामनवमी यज्ञ महोत्सव का आयोजन

Faridabad/Alive News: भूपानी लालपुर रोड स्थित सतयुग दर्शन ट्रस्ट (रजि.), वसुन्धरा के प्रागंण में रामनवमी यज्ञ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सब की जानकारी हेतु ट्रस्ट प्रतिवर्ष रामनवमी के पावन पर्व पर अपने इस वार्षिक यज्ञ महोत्सव का आयोजन करता है तथा इस वर्ष यह यज्ञ महोत्सव 14 अप्रैल 2024 सुबह 8 बजे से 17 अप्रैल 2024 रात ( सुबह 4 बजे) तक मनाया जाएगा। यज्ञ महोत्सव प्रारंभ होने से पूर्व 13 अप्रैल 2024 शाम साढ़े 5 बजे शोभा-यात्रा निकाली जाएगी।

इस यज्ञ महोत्सव में चारों दिन सतवस्तु के कुदरती ग्रन्थ व रामचरित मानस का अखण्ड पाठ, भजन और कीर्तन, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा हवन आयोजन के साथ-साथ, भाव-स्वभाव परिवर्तन करने के निमित्त चल रही आध्यात्मिक क्रांति के तहत्‌ कुदरत, विवेकशक्ति व सत्‌-वस्तु श्री विष्णु भगवान जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर नृत्य-नाटिका भी आयोजित की जाएगी।

इसके अतिरिक्त आगन्तुक श्रद्धालु विषय-विकृतियों को त्याग कर, सम, संतोष, धैर्य, सच्चाई, धर्म, जैसे सद्‌गुण अपना कर निष्कामता से परोपकारी जीवन जीने में समर्थ हो सके इस हेतु उन्हें कुदरती और आत्मिक ज्ञान की महत्ता से परिचित करा, अंतर्निहित विवेकशक्ति के बलबूते पर, आत्मा-परमात्मा के यथार्थ को जानने का तरीका भी समझाया जाएगा। अत: बाल, युवा, प्रौढ़, वृद्ध यानि समाज के हर सदस्य से निवेदन है कि आत्मोद्धार हेतु कार्यक्रम का आनन्द उठाने हेतु अवश्य वसुंधरा पहुँचे।