March 7, 2026

इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में आरटूएफ एकेडमी का शानदार प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: शोटोकन कराटे-डो एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा मापुसा, गोवा में आयोजित 10वीं इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप–2026 में आरटूएफ मार्शल आर्ट एकेडमी, बल्लभगढ़ के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए परचम लहराया।

प्रतियोगिता में एकेडमी के खिलाड़ियों ने कुल 10 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल अपने नाम किए। वंश सैनी, मुदित टिकोरिया, स्वाति डागर, प्रदीप खरेल, कृपा श्रेष्ठ, अखिल, व्योम, सुमित स्वामी और गार्गी खत्री ने गोल्ड मेडल हासिल किए, जबकि परिशा ने सिल्वर मेडल जीतकर टीम की सफलता में योगदान दिया।

आरटूएफ मार्शल आर्ट एकेडमी के जनरल सेक्रेटरी दुष्यंत सैनी और कोच दिवाकर सैनी ने बताया कि खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट तकनीक और अनुशासन का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि वंश सैनी ने रोमांचक मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को पराजित कर गोल्ड मेडल जीता। वंश सैनी पिछले कई वर्षों से आरटूएफ मार्शल आर्ट एकेडमी में कराटे का प्रशिक्षण ले रहा है और वह ब्लैक बेल्ट खिलाड़ी है। वर्तमान में वह के.आर. मंगलम विश्वविद्यालय में बी.एससी. एग्रीकल्चर प्रथम वर्ष का छात्र है।

कोच दिवाकर सैनी ने सभी विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आरटूएफ मार्शल आर्ट एकेडमी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में छिपी प्रतिभा को निखारने का निरंतर कार्य कर रही है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि क्षेत्र और प्रदेश का भी नाम रोशन हुआ है।