Faridabad/Alive News: आमजन की शिकायतों का तत्परता से समाधान करना हरियाणा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश में जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। डीसी आयुष सिन्हा ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनते प्राथमिकता से समाधान करवाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीसी आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए कहा कि समाधान शिविरों में नागरिकों की ओर से सबसे अधिक समस्याएं परिवार पहचान पत्र आईडी में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी सामने आई हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी बड़ी संख्या में प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी मुद्दों के त्वरित निपटान के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों की विभिन्न प्रशासनिक और शासकीय विभागों से जुड़ी समस्याओं का तुरंत निपटारा किया जा रहा है। इन शिविरों में लोगों को विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नगरपालिका द्वारा नक्शा पास करवाने, बिजली, सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य और आपराधिक शिकायतों जैसी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है।
समाधान शिविर में एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार, एसीपी राजीव कुमार, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

