September 28, 2026

नशा करने से रोकने पर पुजारी की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: सेक्टर-30 बाईपास रोड पर नहर किनारे मंदिर के पास पुजारी की हत्या के मामले का क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पुजारी ने मंदिर के पास नशा करने से आरोपियों को रोका था, जिसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और पत्थर के सिल-बट्टे से सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पुजारी की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, 30 और 31 अगस्त की रात सेक्टर-30 बाईपास रोड पर नहर के किनारे बने मंदिर में 65 वर्षीय पुजारी ओमप्रकाश की सिर में चोट मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के चचेरे भाई अशोक कुमार निवासी अहीरवाड़ा, ओल्ड फरीदाबाद की शिकायत पर थाना सेक्टर-31 में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच क्राइम ब्रांच DLF की टीम कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने आशिफ उर्फ टीटी (20) और आशिफ उर्फ कालिया (34) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और फिलहाल फरीदाबाद की किसान मजदूर कॉलोनी में रह रहे थे। दोनों ऑटो चलाने का काम करते हैं।

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की रात दोनों आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ मंदिर के पास नशा कर रहे थे। इसी दौरान पुजारी ओमप्रकाश वहां पहुंचे और उन्हें नशा करने से रोकते हुए वहां से जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर आरोपियों का पुजारी से विवाद हो गया।

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों ने पुजारी के साथ मारपीट की और पत्थर के सिल-बट्टे से उनके सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पुजारी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी आशिफ उर्फ टीटी के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और चोरी समेत तीन मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।