September 28, 2026

सरकारी स्कूलों को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश, जानिए क्या है?

Faridabad/Alive News: मासिक धर्म के दौरान स्कूल में जरूरी सुविधाएं नहीं मिलने से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों में छात्राओं की जरूरत के अनुसार सेनेटरी पैड का पर्याप्त स्टॉक रखना होगा। जिन स्कूलों में पैड वेंडिंग मशीन लगी हैं, उन्हें चालू हालत में रखना अनिवार्य होगा।

विभाग ने स्कूलों को पैड के स्टॉक और वितरण का रिकॉर्ड रखने के भी निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही छात्राओं के शौचालयों की नियमित सफाई, पानी और साबुन की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण के लिए अलग कूड़ेदान की व्यवस्था करनी होगी।

स्कूल प्रबंधन को इन सुविधाओं की नियमित जांच करनी होगी और कमी मिलने पर उसे तुरंत दूर करना होगा। छात्राओं को मासिक धर्म और व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। विभाग का मकसद है कि पीरियड्स के दौरान सुविधाओं की कमी के कारण छात्राओं को स्कूल से छुट्टी न लेनी पड़े।