Faridabad/Alive News: महिलाओं को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत महिलाओं को कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 (POSH Act) तथा SHE-BOX पोर्टल की जानकारी दी जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य कामकाजी महिलाओं को उनके अधिकारों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करना है, ताकि वे किसी भी प्रकार के यौन उत्पीड़न के खिलाफ बिना डर के आवाज उठा सकें।
उन्होंने बताया कि महिलाएं अपने कार्यस्थल पर गठित आंतरिक समिति (IC) में शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इसके अलावा वे घर बैठे केंद्र सरकार के SHE-BOX पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत भी कर सकती हैं।
मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए जिला, ब्लॉक, तहसील और नगरपालिका स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन अधिकारियों की जानकारी SHE-BOX पोर्टल पर उपलब्ध है।उन्होंने कहा कि जिन कंपनियों, कारखानों या निजी संस्थानों में 10 या उससे अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां आंतरिक समिति (IC) का गठन करना अनिवार्य है। वहीं जिन कार्यस्थलों या असंगठित क्षेत्रों में 10 से कम कर्मचारी हैं, वहां की महिलाएं सीधे लोकल कमेटी के पास अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

