June 6, 2026

पुलिस जागरूकता कार्यक्रम, साइबर फ्रॉड और नशे से बचाव की दी जानकारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग सेल और थाना सेक्टर-31 की टीम ने बुधवार को राजीव नगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में लोगों को साइबर फ्रॉड, नशा मुक्ति, ट्रैफिक नियमों और पुलिस सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त सराय संदीप मोर मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और हरियाणा पुलिस की ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम (TMS) सेवा की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में बताया। साथ ही महिलाओं के खिलाफ अपराध और बाल विवाह कानून से जुड़ी जरूरी जानकारी भी साझा की गई।

थाना सेक्टर-31 के प्रभारी निरीक्षक दिलबाग ने लोगों को साइबर ठगी के तरीकों और उससे बचने के उपाय बताए। कार्यक्रम के दौरान वीडियो वैन के माध्यम से साइबर फ्रॉड, नशा मुक्ति, ट्रैफिक नियम और TMS सेवा पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।

पुलिस टीम ने लोगों को डायल-112, साइबर हेल्पलाइन-1930, हाईवे हेल्पलाइन-1033 और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 जैसी सेवाओं की जानकारी दी। इसके अलावा MANAS ऐप के बारे में भी बताया गया।