April 25, 2024

हरियाणा मंत्रिमंडल में विस्तार को लेकर तेज हुई सियासी हलचल

Chandigarh/Alive News : हरियाणा मंत्रिमंडल में बदलाव की खबरों ने राजनीति की गलियारों में हलचल मचा रखा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री व जजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला के दबाव में मंत्रिमंडल में दो नए मंत्रियों को शामिल करने की तैयारियां शुरू हो गयी है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल में दो नए मंत्रियों के शामिल होने से कुछ मंत्रियों का पत्ता पूर्व सरकार की तरह इस बार भी कटना तय है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा के भाजपा दिग्गजों ने शुक्रवार रात नई दिल्ली में ताजा राजनीतिक हालातों व मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मैराथन मंथन किया। केंद्रीय गृह मंत्री के आवास पर हुई उच्च स्तरीय बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के अलावा मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी वहां मौजूद रहे। बैठक में मंत्रिमंडल फेरबदल व दो नए मंत्री बनाने का पूरा खाका तैयार किया गया।

इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल झंडेवालान स्थित आरएसएस कार्यालय पहुंचे और संघ के वरिष्ठ नेताओं के साथ लंबी बातचीत की। संघ नेताओं के साथ भी मुख्यमंत्री ने नए मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर चर्चा की। इसमें नए मंत्रियों के नाम पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री संघ कार्यालय से रात 11 बजे के बाद निकले। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भाजपा नेतृत्व पर दबाव बनाया हुआ है कि मंत्रिमंडल में खाली दो पदों में से जजपा कोटे का एक मंत्री जल्दी बनाएं। सरकार बने दो साल पूरा होने वाले हैं। इसलिए जजपा विधायकों के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। मंत्रिमंडल विस्तार वैसे भी समय की जरूरत है।

जजपा में मंत्री बनने के इच्छुक विधायक लगातार पार्टी नेतृत्व पर दबाव बना रहे हैं। देवेंद्र बबली, रामकुमार गौतम सहित अनेक विधायक मंत्री पद चाह रहे हैं। अब किसकी किस्मत खुलती है और किसके अरमानों पर पानी फिरता है, यह मंत्रिमंडल विस्तार की अधिकारिक घोषणा होने पर साफ हो जाएगा।

भाजपा कोटे से भी एक मंत्री बनना है। जिसे लेकर भी माथापच्ची हो रही है। भाजपा अपने कोटे के कुछ मंत्रियों को केंद्रीय मंत्रिमंडल की तर्ज पर हटाकर नए चेहरों को मौका देने की भी तैयारी में है, जिसे लेकर पूरा होमवर्क किया जा रहा है। गठबंधन सरकार के पहले विस्तार व बदलाव में भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व किसी भी क्षेत्रीय क्षत्रप को नाराज नहीं करना चाहता। इसलिए सभी क्षेत्रों और जातीय समीकरण को ध्यान में रखकर नया मंत्रिमंडल तैयार किया जा रहा है। साथ ही किसान आंदोलन से निपटने की पुख्ता योजना बनाई जा रही है। नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर भी विचार-विमर्श चल रहा है। शनिवार को हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भी दिल्ली पहुंच गए हैं। वह भी शीर्ष नेतृत्व से जल्द ही मुलाकात कर सकते हैं।