Faridabad/Alive News: “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत फरीदाबाद पुलिस द्वारा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-3 में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक हरियाणा ओ.पी. सिंह के आदेश और पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देश में सामुदायिक पुलिसिंग टीम द्वारा आयोजित किया गया।
इस मौके पर पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और उससे बचने के उपायों के बारे में जागरूक किया। साथ ही MANAS ऐप (1933) की जानकारी दी गई, जिससे मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति में सहायता मिलती है। बच्चों को खेल-कूद, यातायात नियमों और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों और अभिभावकों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई। इस अभियान के तहत करीब 200 बच्चों को जागरूक किया गया। इसके बाद नशा मुक्ति टीम ने क्षेत्र में डोर-टू-डोर सर्वे किया और नशे से पीड़ित लोगों को इससे दूर रहने की सलाह दी।

