July 28, 2026

प्रतिबंधित तकनीक और साइनाइट जैसे खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल करने वाली कम्पनियों पर हो सख्त कार्रवाई – पूर्व विधायक

Faridabad/Alive News : सेक्टर-24 स्थित शिवा टेक्निक प्रा. लि. कंपनी में कार्यरत एक प्रवासी मजदूर धीरज चौबे की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के बाद पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए हरियाणा के श्रम एवं रोजगार मंत्री अनिल विज को पत्र लिखकर एसआईटी गठन, पोस्टमार्टम जांच और कंपनी पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

नीरज शर्मा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उक्त कंपनी प्रतिबंधित तकनीक और जहरीले रसायन (साइनाइट) का उपयोग कर हीट ट्रीटमेंट कार्य करती है। हादसे के दौरान जब मजदूर धीरज चौबे काम कर रहा था, तभी साल्ट से उत्पन्न साइनाइट के छींटे उसके शरीर पर पड़े, जिससे वह रक्त के संपर्क में आते ही बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। जबकि मजदूर मात्र 10 से 15 प्रतिशत ही जला था।

पूर्व विधायक ने इस घटना को रासायनिक जहरीले पदार्थ से हुई मौत करार देते हुए इसे प्रशासन और श्रम विभाग की गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी इकाइयाँ मजदूरों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं और सरकार को तत्काल प्रतिबंधित तकनीक या साइनाइट जैसे खतरनाक रसायनों का प्रयोग करने वाली सभी कंपनियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने यह भी आग्रह किया कि पूरे हरियाणा में ऐसी औद्योगिक इकाइयों की जांच कर प्रतिबंधित कार्यों पर रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में किसी और मजदूर की जान न जाए।

गौरतलब है कि पूर्व विधायक नीरज शर्मा इससे पहले भी पावर प्रेस मशीनों में सेंसर लगाने की मुहिम चला चुके हैं, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश सरकार ने सभी औद्योगिक इकाइयों में सेंसर लगाना अनिवार्य किया था।

उन्होंने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा से बड़ा कोई मुद्दा नहीं है। जब तक फरीदाबाद में एक भी मजदूर असुरक्षित है, तब तक मेरी लड़ाई जारी रहेगी। पूर्व विधायक ने इस संबंध में चंडीगढ़ और फरीदाबाद के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत करवाया है।