June 26, 2026

ट्रांसपोर्टर्स के साथ पुलिस की बैठक, नो-एंट्री टाइमिंग और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर बनी सहमति

Faridabad/Alive News: ट्रैफिक पुलिस और ट्रांसपोर्टर्स के बीच 31 मार्च को एक अहम बैठक का आयोजन हुआ। इस बैठक की अध्यक्षता डीसीपी ट्रैफिक जयबीर सिंह ने की। इसका मकसद शहर में बढ़ते ट्रैफिक, भारी वाहनों की आवाजाही, पार्किंग की समस्या और नो-एंट्री टाइमिंग को लेकर समाधान निकालना था।

बैठक में ट्रांसपोर्ट यूनियन और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एसीपी ट्रैफिक विकास कुमार, ट्रैफिक थाना प्रभारी अनोज कुमार और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

ट्रांसपोर्टर्स ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें नो-एंट्री टाइमिंग, पार्किंग की कमी, लोडिंग-अनलोडिंग के लिए जगह और ड्राइवरों की दिक्कतें शामिल थीं।

डीसीपी ट्रैफिक ने सभी समस्याओं को ध्यान से सुना और ट्रांसपोर्टर्स के साथ मिलकर समाधान पर चर्चा की। खास तौर पर भारी वाहनों के लिए तय समय (नो-एंट्री टाइमिंग) का पालन करने और ट्रैफिक को बेहतर बनाने पर सहमति बनी।

ट्रैफिक पुलिस ने निर्देश दिए कि सभी ड्राइवर तय समय और रूट का पालन करें, गलत जगह गाड़ी पार्क न करें और सड़क किनारे लोडिंग-अनलोडिंग से बचें। साथ ही ट्रांसपोर्ट कंपनियों से कहा गया कि वे अपने ड्राइवरों को नियमों के बारे में जागरूक करें।

यह भी तय हुआ कि आगे भी ऐसी बैठकें होती रहेंगी, ताकि समस्याओं का जल्दी समाधान हो सके।

पुलिस ने बताया कि नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी जारी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने सभी ड्राइवरों और ट्रांसपोर्टर्स से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करें।

यातायात से जुड़ी किसी भी मदद के लिए लोग 0129-2267201 या 112 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। शिकायत या सुझाव सोशल मीडिया के जरिए भी दिए जा सकते हैं।