August 26, 2026

ऑटो में महिला की चैन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: ऑटो में बैठी महिला के गले से सोने की चैन चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-62 निवासी एक महिला ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 16 जनवरी को वह बल्लभगढ़ से अपने घर लौटने के लिए ऑटो में बैठी थी। ऑटो में उसके साथ दो और महिलाएं भी थीं। घर पहुंचने पर उसे पता चला कि उसके गले से सोने की चैन चोरी हो चुकी है।

जांच के दौरान पुलिस ने 29 मार्च को अनिकेत (निवासी गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद) और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। दोनों को कोर्ट में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी पड़ोसी हैं और इनके साथ एक और महिला भी शामिल है। तीनों मिलकर ऑटो में सवार होकर वारदात को अंजाम देते थे। जब पीड़ित महिला ऑटो में बैठी, तो एक महिला आरोपी ने उसे बातों में उलझा लिया और चुपचाप उसके गले से चैन काट ली। इसके बाद चैन ऑटो चालक अनिकेत को दे दी गई।

अनिकेत ने चोरी की चैन को Muthoot Finance में 1,20,000 रुपये में गिरवी रख दिया। बाद में तीनों ने इस पैसे को आपस में बांट लिया।