June 26, 2026

लोहे की रॉड से हमला करने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू उर्फ सतीश (28 वर्ष), निवासी यादराम कॉलोनी, गांव सरूरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, जीवन नगर पार्ट-2 की एक महिला ने थाना मुजेसर में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 27 अगस्त 2024 को उसका भाई अरविंद कबाड़ा मार्केट के पास से गुजर रहा था। तभी तीन युवकों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी सोनू अपने दो साथियों शहनवाज और अनिश के साथ बाइक पर जा रहा था। रास्ते में उनकी बाइक अरविंद की बाइक से टकरा गई, जिसके बाद कहासुनी हो गई और मामला झगड़े में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों ने अरविंद पर हमला कर दिया।

इस मामले में शहनवाज और अनिश को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तीसरे आरोपी सोनू को भी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।