October 2, 2026

क्लास 6 से 8 तक के स्टूडेंट को स्थानीय कामगारों और संस्थानों से जोड़ने की तैयारी, प्रोजेक्ट के जरिए जुटाएंगे जानकारी

Faridabad/Alive News: अब पीएमश्री स्कूलों के स्टूडेंट सिर्फ किताबों से नहीं, बल्कि अपने आसपास की दुनिया से भी सीखेंगे। जिले के छह पीएमश्री गवर्नमेंट स्कूल में क्लास  छह से आठ तक के स्टूडेंट को स्थानीय कारीगरों, कारोबारियों, उद्योगों और अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसका मकसद स्टूडेंट को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान देना और उन्हें भविष्य के हुनर व रोजगार के विकल्पों से परिचित कराना है।

स्कूलों में स्टूडेंट की रुचि और स्थानीय जरूरत के हिसाब से गतिविधियां तय की जाएंगी। इसके तहत उन्हें मिट्टी और पानी से जुड़े काम, बागवानी, सौर ऊर्जा, रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा, खाना बनाना, चित्रकला, सिलाई-कढ़ाई और मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियों से जोड़ा जा सकता है। स्थानीय कारीगरों को स्कूल में बुलाकर स्टूडेंट उनके काम को करीब से समझ सकेंगे। इसके अलावा स्टूडेंट को बैंक, डाकघर, डेयरी, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, पुलिस और अग्निशमन केंद्र समेत अन्य संस्थानों पर ले जाकर उसके बारे में बताया जाएगा।