May 18, 2024

जिला अस्पताल में बेड और इलाज के लिए भटक रहे लोग

Faridabad/Alive News : जिले में डेंगू का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में डेंगू के चार नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके बाद कुल मरीजों की संख्या 173 हो गई है। वहीं मलेरिया के मामले की संख्या नौ पर स्थिर है। डेंगू के मामले में बढ़ने से अस्पतालों में मरीजों को बेड मिलना मुश्किल हो गया। बेड के लिए मरीजों को अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

जिले में हो रही लगातार बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया है। सड़कों के किनारे जगह-जगह गड्डों में पानी ठहरा हुआ है। वहीं गलियों में पानी जमा है। इसमें डेंगू के लार्वा पनपने का खतरा बढ़ गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है। जानकारी के मुताबिक सिविल अस्पताल बीके में रोजाना तीन हजार मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। खासकर बच्चों की ओपीडी में भीड़ ज्यादा देखी जा रही है। डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।

डेंगू के मरीजों के इलाज के लिए सिविल अस्पताल के नए भवन में अलग से वार्ड बनाया गया है और डेंगू पीड़ित मरीजों को वहां पर दाखिल किया गया है। इसके अलावा बीके अस्पताल परिसर में बनाए गए 100 बेड के अस्थायी अस्पताल में भी डेंगू के मरीजों को भर्ती करने की बात कही गई है।