April 20, 2024

अन्याय को समाप्त करने के लिए न्याय के रक्षक का साथ दें लोग – स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य

Faridabad/Alive News : सूरजकुंड रोड सेक्टर 44 स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम (श्री सिद्धदाता आश्रम) दीपावली की पूर्व संध्या पर रोशनी से जगमग कर उठा है। सुंदर मनमोहक सजावट देखकर श्रद्धालुगण भी प्रसन्नता से भर गए।

यहां हर वर्ष दीपावली, नववर्ष और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर विशेष सजावट देखने को मिलती है। जहां दर्शन के लिए आने वालों में दो दर्जन से अधिक देशों के श्रद्धालु शामिल रहते हैं। इस बार भी कोरोना महामारी की छवि को नकारकर दिव्यधाम ने रोशनियां बिखेरीं जिन्हें देख भक्तों का मन गदगद हो रहा है। उनका कहना है कि हम अनेक समस्याओं के बावजूद यहां आकर सबकुछ भूल जाते हैं। दीपावली के संदर्भ में दिव्यधाम के अधिपति जगदगुरु स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने बताया कि यह पर्व हमारे जीवन के अंधकार को मिटाकर प्रकाश की ओर गमन करने का संदेश देता है। भगवान श्रीराम अमावस्या की रात को अपने राज्य अयोध्या लौटे लेकिन उनकी प्रजा ने अपने नायक का स्वागत प्रकाश द्वारा किया।

इसी प्रकार हमें भी अन्याय से लडऩे वाले नायक के साथ खड़े होना चाहिए। अपने नायक का स्वागत करना चाहिए और इस ब्रह्मांड के नायक भगवान श्रीमन्नारायण की आराधना करनी चाहिए। इसी में हमारे अभीष्ट की प्राप्ति होगी। उन्होंने बताया कि आज सभी महालक्ष्मी का पूजन करते हैं। लेकिन वास्तव में हमें लक्ष्मीपति को भी नहीं भूलना चाहिए। महालक्ष्मी भी अपने पति की अनुशंसा पर ही हमें वैभव प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम लाखों भक्तों की आस्था का केंद्र है। जहां आने वालों की धर्म, अर्थ, कामनाओं और मुक्ति की प्राप्ति हो रही है। हम अपने ईष्ट के स्वागत के लिए आश्रम परिसर को प्रकाशित करते हैं। जहां भक्तों का भी मन रमता है।