May 17, 2024

फरीदाबाद: पृथला से शुरू हुई परिवर्तन पदयात्रा, भारी संख्या में उमड़े समर्थक

Faridabad/Alive News : इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव व विधायक चौ.अभय सिंह चौटाला की हरियाणा ‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’ रविवार को पंद्रहवें दिन जिला फरीदाबाद के पृथला हलके के गांव धतीर से शुरू हुई। पृथला में गांव की पूरी सरदारी ने अभय सिंह चौटाला व यात्रा में शामिल नेताओं व समर्थकों का स्वागत किया।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आपराधिक वारदातों से हरियाणा दहल रहा है। 27 प्रतिशत आपराधिक दर के साथ हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है। भाजपा ने 2022 तक किसानों की आय दोगुणी करने का वादा किया था। किसान आज कर्ज से कराहा रहा है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा के 21 लाख किसान कर्जदार हैं।

आज सरकार की परिवार पहचान पत्र योजना परेशान पहचान पत्र योजना बन गई है। परिवार पहचान पत्र के नाम पर 1 लाख 61 हजार लोगों के पीले कार्ड काट दिए गए। बुजुर्गों की पैंशन पर कैंची चला दी गई। इस सरकार से किसान, व्यापारी, युवा, कर्मचारी, मजदूर सभी वर्ग निराश हैं और 2024 में इस बेरहम सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुके हैं।

चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज जनता बदलाव चाहती और इसी बदलाव के उद्देश्य से ही उन्होंने परिवर्तन यात्रा निकालने की पहल की है। वे हर रोज 20-22 किलोमीटर पैदल चलते हैं और 10 से 12 गांवों में जाते हैं। लोगों का समर्थन उन्हें मिल रहा है और यह जाहिर करता है कि 2024 में इनेलो की सरकार बनना तय है। सरकार बनने पर प्रत्येक घर से एक युवा को नौकरी देंगे और बेरोजगारों को 21 हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता देंगे।

चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा में 34.1 प्रतिशत बेरोजगारी दर है। किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा है। रोजमर्रा की वस्तुएं गृहिणियों की पहुंच से बाहर हो गई हैं। चुने हुए प्रतिनिधियों के अधिकार छीने जा रहे हैं। पहले तो सरकार ने एक साजिश के तहत दो साल तक पंचायतों के चुनाव नहीं करवाए और अब चुने हुए प्रतिनिधियों को ताकत देने की बजाय उनकी शक्तियां कम की जा रही हैं। हरियाणा के 6 हजार से अधिक सरपंच व चुने हुए 62 हजार ग्राम पंचायत सदस्य भी इस सरकार को 2024 में आईना दिखाने का काम करेंगे। इनेलो पार्टी में शामिल होने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा।

आज रेवाड़ी में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चौधरी सुजान सिंह, भाजपा जाटुसाना पूर्व मंङल अध्यक्ष शक्ति सिंह व राष्ट्रीय हिंदू शेरसेना प्रदेशाध्यक्ष विकास शर्मा (हलका कोसली) ने इनेलो का दामन थामा।