July 2, 2026

युवक को बंधक बनाकर मारपीट के मामला में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

डबुआ में बंधक बनाकर मारपीट के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करती पुलिस टीम।

Faridabad/Alive News: डबुआ थाना क्षेत्र में युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक किशोर समेत दो अन्य आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता राहुल ने बताया कि 26 जून को वह अपने साथी जितेंद्र के साथ प्याली चौक के पास एक खाने की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोग दोनों को स्कूटी पर बैठाकर डबुआ कॉलोनी स्थित एक मकान में ले गए। वहां उन्हें बंधक बनाकर डंडों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता और उसका साथी डबुआ मंडी के बाहर रेहड़ी लगाते हैं। आरोपियों द्वारा उनसे रेहड़ी लगाने के बदले पैसों की मांग की जा रही थी। जब दोनों ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्हें जबरन उठाया और एक मकान में ले जाकर मारपीट की। इस दौरान उन पर पैसे देने का दबाव भी बनाया गया।

शिकायत मिलने के बाद थाना डबुआ पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में दिशान उर्फ बोंचा, निवासी डबुआ, फरीदाबाद को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।