Faridabad/Alive News: अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने कहा कि टीबी मुक्त अभियान को सफल बनाने में पंचायतों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सेक्टर-12 लघु सचिवालय में आयोजित ‘टीबी मुक्त पंचायत’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाज के हर वर्ग से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज श्रेणी में सम्मानित किया गया। खेड़ा, जुनहेड़ा और भटपुरा पंचायतों को गोल्ड सम्मान प्रदान किया गया, जबकि कई अन्य पंचायतों को सिल्वर और ब्रॉन्ज अवॉर्ड दिए गए।
एडीसी ने सरपंचों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें पूरा इलाज दिलवाएं। उन्होंने मरीजों को प्रोटीन किट और पोषण सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर और नियमित बैठकों के माध्यम से लोगों को टीबी के लक्षणों व इलाज के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि जल्द से जल्द टीबी मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सके।इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।

