Faridabad/Alive News:बल्लभगढ़ की हवा लगातार लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में सांस संबंधी परेशानियों के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। शनिवार को बल्लभगढ़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 333 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को यह 349 तक पहुंच गया था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बल्लभगढ़ में कई दिनों से हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। वहीं, फरीदाबाद का औसत एक्यूआई शनिवार को 240 और शुक्रवार को 245 दर्ज किया गया।
प्रदूषण का असर जिला अस्पताल की ओपीडी में भी दिखाई दे रहा है। यहां पहले रोजाना करीब 20 अस्थमा मरीज पहुंचते थे, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 50 से 60 हो गई है। बच्चों में भी सांस, खांसी और गले में खराश की शिकायतें बढ़ी हैं। पहले रोजाना 30 से 40 बच्चे पहुंचते थे, जबकि अब यह संख्या 70 से 80 तक हो गई है। कार्यकारी पीएमओ डॉ. विकास गोयल के अनुसार, प्रदूषण बढ़ने के साथ सांस संबंधी समस्याओं से परेशान मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रदूषण अधिक होने पर बाहर निकलने से बचें और जरूरी होने पर मास्क का इस्तेमाल करें। सांस लेने में परेशानी या सीने में जकड़न होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।

