April 28, 2024

विश्व जनसंख्या दिवस पर ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित

Faridabad/Alive News: राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और गाइडस ने प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के निर्देशानुसार विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर ऑनलाइन स्लोगन राइटिंग, पेटिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। जूनियर रेडक्रॉस, ब्रिगेड अधिकारी और प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 11 जुलाई को विश्व में जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य यह है कि दुनिया का हर व्यक्ति बढ़ती हुई जनसंख्या की ओर ध्यान दे और जनसंख्या को नियंत्रित करने में अपना योगदान भी अवश्य करें।

इस दिन राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि हम सभी जागरूक हो सकें और जनसंख्या पर नियंत्रण कर सके। जनसंख्या वृद्धि विश्व के कई देशों के सामने बड़ी समस्या का रूप ले चुकी है। विशेषकर विकासशील देशों में जनसंख्या विस्फोट गहन चिंता का विषय है। रविंद्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि गरीबी उन्मूलन के लिए काम करने वाले संगठन ऑक्सफैम ने कहा है कि विश्व में भुखमरी के कारण हर एक मिनट में 11 लोगों की मौत होती है।

ऑक्सफैम ने दि हंगर वायरस मल्टीप्लाइज नामक रिपोर्ट में कहा है कि भुखमरी से मरने वाले लोगों की संख्या कोविड-19 के चलते जान गंवाने वालों की संख्या से ज्यादा हो गई है। विश्व जनसंख्या दिवस प्रत्येक वर्ष एक नई थीम के साथ मनाया जाता है इस वर्ष की थीम- अधिकार और विकल्प उत्तर हैं, चाहे बेबी बूम हो या बस्ट, प्रजनन दर में बदलाव का समाधान सभी लोगों के प्रजनन स्वास्थ्य और अधिकारों को प्राथमिकता देना है।

विश्व जनसंख्या दिवस के दिन परिवार नियोजन, लैंगिक समानता, मानवाधिकार, गरीबी, मातृ स्वास्थ्य, और स्वास्थ्य के बारे में जागरूक किया जाता है। इस दिवस को मनाने की शुरुआत 1989 में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम की संचालक परिषद द्वारा हुई थी। वास्तव में 11 जुलाई 1987 तक वैश्विक जन संख्या पांच अरब से भी अधिक हो चुकी था, जिसे देखते हुए वैश्व‍िक हितों को ध्यान में रखते हुए इस दिवस को मनाने का निर्णय लिया गया।

कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन कि‍या जाता है जैसे सोशल मीडिया, विभिन्न समाजिक कार्यक्रमों व सभाओं का संचालन, प्रतियोगिताओं का आयोजन, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, पेंटिग, स्लोगन राइटिंग, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी तथा अन्य कई कार्यक्रम शामिल रहते हैं। एस जे ए बी और जे आर सी काउन्सलर रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि इस वर्ष का विषय विशेष रूप से कोविड -19 महामारी के समय में दुनिया भर में महिलाओं और लड़कियों के स्वास्थ्य और अधिकारों की सुरक्षा पर आधारित है।

बढ़ती जनसंख्या के कारण विकास और सरकार द्वारा प्रदत सुविधाओं का लाभ समाज के सभी वर्गो तक नहीं पहुंच पाता। यदि हम सब उन्नति चाहते हैं तो परिवार को छोटा ही रखना होगा क्योंकि की सीमित परिवार ही खुशी और समृद्धि का आधार होता है। आज की स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में अमृता प्रथम, पेंटिग प्रतियोगिता में श्वेता प्रथम तथा निबंध लिखो प्रतियोगिता में अंजुम को प्रथम घोषित किया गया तथा साक्षी, पल्लवी और नेहा को द्वितीय घोषित किया गया। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने इन प्रतियोगताओं के संयोजन के लिए कॉर्डिनेटर गणित प्राध्यापिका जसनीत कौर का विशेष आभार व्यक्त किया।