March 8, 2026

हत्या के प्रयास मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर अभिरक्षा में

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने हत्या के प्रयास के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, अमित चंदीला, निवासी गांव फतेहपुर चंदीला, ने शिकायत दी थी कि उसकी कपिल नामक व्यक्ति से कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते 12 अक्टूबर को कपिल अपने साथियों के साथ अमित के घर पहुंचा और उस पर धारदार हथियार, लोहे की रॉड, सुआ और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ भी की। इस घटना पर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया था।

अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए सलमान, निवासी गांव फतेहपुर चंदीला, को गिरफ्तार किया, जबकि कपिल के साथ जुड़े दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है।

पूछताछ में सामने आया कि कपिल ने पुरानी कहासुनी का बदला लेने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर यह हमला किया था। पुलिस ने आरोपी सलमान को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।