March 8, 2026

नवरात्रि की शुरुआत पर माता वैष्णो देवी मंदिर में माता शैलपुत्री की भव्य पूजा

Faridabad/Alive News: नवरात्र की शुरुआत के साथ ही महारानी वैष्णो देवी मंदिर में माता शैलपुत्री की भव्य पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने सभी भक्तों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

पूजा में उद्योगपति आर. बत्रा, सहगल, पार्षद हरीश गिरोटी, विमल पूरी, नेतराम, सोनिया बत्रा, करण भाटिया, फकीरचंद और प्रीतम धमीजा सहित कई भक्तों ने हवन और पूजन में भाग लिया। भाटिया ने सभी अतिथियों को माता की चुनरी और प्रसाद भेंट किया।

भाटिया ने माता शैलपुत्री की महिमा बताते हुए कहा कि मां दुर्गा को सबसे पहले शैलपुत्री के रूप में पूजा जाता है। वे पर्वतराज हिमालय की पुत्री थी और वृषभ पर सवार होने के कारण वृषारूढ़ा कहलाती हैं। इनके दाएं हाथ में त्रिशूल और बाएं हाथ में कमल सुशोभित है।

उन्होंने बताया कि सती का जन्म पुनः शैलराज हिमालय के घर हुआ और वे शैलपुत्री नाम से प्रसिद्ध हुई। बाद में उनका विवाह भगवान शिव से हुआ और वे उनकी अर्धांगिनी बनीं। भाटिया ने कहा कि सच्चे मन से माता शैलपुत्री की पूजा करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।