Faridabad/Alive News: थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस ने युवक के साथ मारपीट कर चाकू और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक निवासी प्रेम नगर, सेक्टर-18, वर्तमान निवासी जीवन नगर, फरीदाबाद तथा विशाल उर्फ कलूरी निवासी बसेलवा कॉलोनी, ओल्ड फरीदाबाद के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता रवि सैनी निवासी गढ़ी मोहल्ला ने पुलिस को बताया कि 15 अगस्त 2026 की शाम उसके चचेरे भाई जतिन सैनी के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की थी। इस संबंध में जतिन ने थाना ओल्ड फरीदाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत देने के बाद रवि, जतिन और मोहित जब घर लौट रहे थे, तभी सरकारी स्कूल के पास करीब 8 से 9 युवकों ने जतिन और मोहित को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ दोबारा मारपीट की और लाठी-डंडों व चाकू से हमला किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शेखर और उसके साथी पीड़ित की दुकान के पास किसी अन्य युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान जतिन बीच-बचाव करने पहुंचा, जहां उसकी आरोपियों के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद शेखर, दीपक, विशाल और अन्य आरोपियों ने जतिन व उसके भाई के साथ मारपीट की। जांच के अनुसार, शेखर ने चाकू से हमला किया था।
इस मामले में मुख्य आरोपी शेखर सहित तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब दीपक और विशाल उर्फ कलूरी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

