Faridabad/Alive News: एनआईटी क्षेत्र में ज्वैलरी पर हॉलमार्क (HUID) करने वाली दुकान से 209 ग्राम सोना और 3 लाख रुपये नकद चोरी करने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने दुकान के कर्मचारी को पुणे, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 209 ग्राम सोना, चोरी की रकम से खरीदे गए आभूषण और 9,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, एनआईटी निवासी दादासो यमगर मार्किट नंबर-1 में HUID सेंटर चलाते हैं। आरोपी संतोष निवासी जिला सांगली, महाराष्ट्र, उनकी दुकान पर करीब सात महीने से काम कर रहा था और वहीं रहता था। दुकान और तिजोरी की चाबी भी उसके पास रहती थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 4 सितंबर की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन आरोपी का मोबाइल बंद मिला और दुकान के CCTV कैमरे भी बंद थे। दुकान पहुंचने पर तिजोरी खुली मिली और उसमें रखा 209 ग्राम सोना तथा 3 लाख रुपये गायब थे। इसके बाद थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी चोरी करने के बाद सोना और नकदी लेकर पुणे चला गया था। वहां उसने चोरी की रकम से कुछ आभूषण भी खरीद लिए। पुलिस ने आरोपी संतोष को 9 सितंबर को पुणे से गिरफ्तार किया और तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया 209 ग्राम सोना, चोरी की नकदी से खरीदे गए आभूषण और 9,200 रुपये नकद बरामद किए। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

