Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में ओला और उबर से जुड़े कैब ड्राइवरों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। यह हड़ताल 23 मार्च तक चलेगी, जिसके दौरान कैब सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। इससे आम लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो सकती है।
ड्राइवरों ने खासकर सिंघु और बदरपुर बॉर्डर इलाके में काम पूरी तरह रोक दिया है। उबर ड्राइवर अमित ने बताया कि हड़ताल का एक बड़ा कारण उनकी सुरक्षा से जुड़ी चिंता है।
ड्राइवरों का कहना है कि कोई भी व्यक्ति फर्जी आईडी से कैब बुक कर लेता है, जिससे उनकी जान को खतरा रहता है। कई बार सूनसान जगहों पर ले जाकर वारदात हो सकती है। उनका आरोप है कि कंपनियां उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही हैं।
इसके अलावा, ड्राइवर अपनी घटती कमाई से भी परेशान हैं। उनका कहना है कि पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन कंपनियां उनका कमीशन कम कर रही हैं। साथ ही, सरकार ने न्यूनतम किराया तय नहीं किया है, जिससे कंपनियां अपनी मर्जी से किराया तय करती हैं और ड्राइवरों की कमाई प्रभावित होती है।
ड्राइवरों की मांग है कि प्रति किलोमीटर कम से कम 25 रुपये किराया तय किया जाए और निजी गाड़ियों का इस्तेमाल कमर्शियल टैक्सी के रूप में बंद किया जाए।
ड्राइवरों ने यह भी बताया कि पिछले एक महीने में चार ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें टैक्सी लूटकर ड्राइवरों की हत्या कर दी गई। इसलिए वे चाहते हैं कि फर्जी बुकिंग रोकने के लिए यात्रियों के आधार कार्ड, पैन कार्ड और केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य किया जाए।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

