June 6, 2026

फेसबुक पर दोस्ती बनी जाल, हिसार में इंस्पेक्टर से 40 लाख की ठगी

Faridabad/Alive News: हरियाणा के हिसार में साइबर ठगों ने फेसबुक के जरिए एक इंस्पेक्टर को अपने जाल में फंसा लिया और उससे करीब 40 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने एक लड़की के नाम की फर्जी आईडी बनाकर पहले दोस्ती की और फिर ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफा देने का लालच देकर पैसे ऐंठ लिए।

शिकायतकर्ता घनश्याम (40), जो कैथल में कृषि विभाग में इंस्पेक्टर हैं और हिसार के सेक्टर-16 के रहने वाले हैं, ने पुलिस को बताया कि 20 फरवरी को उन्हें फेसबुक पर “रेखा यादव” नाम की प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। उन्होंने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।

कुछ समय बाद दोनों ने अपने मोबाइल नंबर शेयर किए और बातचीत व्हाट्सएप पर होने लगी। इसी दौरान महिला ने “ग्लोबल प्राइम” नाम के एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निवेश करने की सलाह दी और ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया।

शुरुआत में इंस्पेक्टर ने मना किया, लेकिन बार-बार समझाने पर उन्होंने 50 हजार रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद ठगों ने उन्हें 53,890 रुपये वापस भेजकर भरोसा जीत लिया।

इसके बाद ठगों ने 20 लाख रुपये और निवेश करने को कहा। इंस्पेक्टर ने अपनी मां के बैंक खाते से 20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। फिर ठगों ने और 20 लाख रुपये की मांग की, जिसे पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में आरटीजीएस के जरिए भेज दिया।

जब इंस्पेक्टर के ट्रेडिंग अकाउंट में मुनाफा दिखने लगा, तो उन्होंने 5 हजार डॉलर निकालने की कोशिश की। लेकिन ठगों ने तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर पैसे निकालने से रोक दिया और और निवेश करने का दबाव बनाया।

शक होने पर इंस्पेक्टर ने अपने एक साइबर एक्सपर्ट दोस्त से सलाह ली, जिसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।

मामले में साइबर थाना हिसार पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और ठगों को पकड़ने के लिए बैंक खातों और आईपी एड्रेस की जांच कर रही है।