September 23, 2026

ओडिशा में समुद्र की तेज लहरों ने निगला पक्का मकान, गंजाम का VIDEO वायरल

ओडिशा के गंजाम जिले में समुद्री कटाव के कारण समुद्र में गिरता पक्का मकान।

Ganjam/Alive News: ओडिशा के गंजाम जिले से समुद्री कटाव की एक चिंताजनक घटना सामने आई है। जिले के पॉडमपेटा गांव में समुद्र की तेज लहरों के कारण एक पक्का मकान देखते ही देखते ढहकर समुद्र में समा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और तटीय इलाकों में बढ़ते समुद्री कटाव को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह समुद्र की ऊंची और तेज लहरें लगातार मकान के नीचे की जमीन को काटती रहीं। इससे मकान की नींव कमजोर हो गई और कुछ ही देर में पूरा मकान भरभराकर समुद्र में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले तक समुद्र गांव से काफी दूर था। लेकिन लगातार हो रहे तटीय कटाव के कारण समुद्र हर साल गांव के और करीब आता गया। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि समुद्र की लहरें सीधे रिहायशी इलाकों तक पहुंच रही हैं, जिससे कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं।

स्थिति को देखते हुए कई परिवार पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर चुके हैं, जबकि गांव में रहने वाले बाकी लोग भी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, पॉडमपेटा गांव में कभी करीब 500 मकान और सैकड़ों परिवार रहते थे। लेकिन समुद्री कटाव बढ़ने के साथ कई घर नष्ट हो चुके हैं और बड़ी संख्या में लोगों को दूसरे स्थानों पर बसना पड़ा है। अब गांव में बचे हुए मकानों पर भी खतरा बना हुआ है।

समुद्री कटाव की समस्या केवल पॉडमपेटा तक सीमित नहीं है। पालीबंधा और रामागड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले करीब 17 तटीय गांव भी इस समस्या से जूझ रहे हैं। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो लोगों के घरों के साथ-साथ खेती और आजीविका पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

प्रभावित ग्रामीणों ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि तटीय क्षेत्रों में मजबूत सुरक्षा दीवार बनाई जाए, जोखिम वाले इलाकों में रहने वाले परिवारों का सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वास किया जाए और समुद्री कटाव रोकने के लिए दीर्घकालिक योजना लागू की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।