July 4, 2026

फिल्मों और OTT कंटेंट की पायरेसी पर सख्त हुई सरकार, टेलीग्राम को 15 दिन में मांगी एक्शन रिपोर्ट

फिल्मों और OTT कंटेंट की पायरेसी रोकने को लेकर टेलीग्राम को केंद्र सरकार का नोटिस।

New Delhi/Alive News: केंद्र सरकार ने फिल्मों और ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म के कंटेंट की पायरेसी पर सख्ती दिखाते हुए टेलीग्राम को नोटिस जारी किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को निर्देश दिया है कि वह पायरेटेड फिल्मों और ओटीटी कंटेंट के प्रसार पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

सरकार ने टेलीग्राम से कहा है कि वह इस संबंध में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर मंत्रालय को सौंपे।

सूत्रों के अनुसार, सरकार का यह कदम देश की क्रिएटर इकोनॉमी, फिल्म इंडस्ट्री, ब्रॉडकास्टर्स, OTT प्लेटफॉर्म, प्रोड्यूसर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के हितों की सुरक्षा के उद्देश्य से उठाया गया है।

लंबे समय से टेलीग्राम पर फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य डिजिटल कंटेंट की अवैध शेयरिंग और पायरेसी को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। सरकार अब इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई चाहती है।

इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने भी टेलीग्राम को उसके ‘यूजरनेम फीचर’ को लेकर नोटिस जारी किया था सरकार ने पूछा था कि यह फीचर फर्जी पहचान, धोखाधड़ी और किसी अन्य व्यक्ति का रूप धारण (Impersonation) जैसी समस्याओं से कैसे निपटता है। साथ ही यह भी स्पष्टीकरण मांगा गया कि मौजूदा स्वरूप में इस फीचर को जारी रखने की अनुमति क्यों दी जानी चाहिए।

हाल के दिनों में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पायरेसी, साइबर धोखाधड़ी और फर्जी पहचान के मामलों को देखते हुए सरकार ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दिया है। इसी क्रम में टेलीग्राम से भी पायरेटेड कंटेंट और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर जवाब मांगा गया है।