November 24, 2026

गुरु पर्व पर लंगर में दिखी पर्यावरण संरक्षण की झलक, स्टील की प्लेटों का किया इस्तेमाल

Faridabad/Alive News: गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर शहर के गुरुद्वारों में सेवा और सिमरन के साथ स्वच्छता का संदेश भी देखने को मिला। लंगर में डिस्पोजल प्लेटों के इस्तेमाल को कम करने के लिए कई स्थानों पर स्टील की प्लेटों में भोजन परोसा गया। लंगर ग्रहण करने के बाद सेवादार प्लेटों को एकत्रित कर उन्हें साफ करते रहे, ताकि दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। वहीं, जहां डिस्पोजल प्लेटों का इस्तेमाल हुआ, वहां कचरे को खुले में फेंकने के बजाय कूड़ेदानों में जमा किया गया। इस तरह श्रद्धालुओं ने गुरु की शिक्षाओं के साथ सेवा और स्वच्छता की जिम्मेदारी भी निभाई।

मंगलवार को प्रकाश पर्व पर शहर के गुरुद्वारों में सुबह से ही संगत पहुंचने लगी। विशेष दीवान सजाए गए और गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ, शबद-कीर्तन और लंगर आयोजित हुआ। एनआईटी-5 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु दरबार साहिब के सदस्य अमरजीत सिंह ने बताया कि दोपहर एक बजे नगर कीर्तन निकाला गया। पंज प्यारों की अगुवाई में पालकी साहिब के साथ संगत एनआईटी-1, 2, 3, 4 और एनआईटी-5 मार्केट से होते हुए चार-पांच चौक पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और जगह-जगह लंगर की व्यवस्था की।

सेक्टर-15, सेक्टर-7 और सेक्टर-10-11 स्थित गुरुद्वारों में भी दिनभर शबद-कीर्तन हुआ। दिल्ली और अमृतसर से आए रागी जत्थों ने संगत को गुरबाणी से निहाल किया। नगर कीर्तन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भी विशेष इंतजाम किए।