Noida/Alive News: शहरवासियों को फिलहाल भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक तेज धूप का प्रकोप जारी रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। एक सप्ताह तक सुबह की शुरुआत तेज धूप और उमस के साथ होगी, जबकि दोपहर के समय लोगों को लू जैसे हालात का सामना करना पड़ सकता है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी के चलते लोग सिर ढंककर घरों से बाहर निकलने को मजबूर दिखे। वही शहर का एक्यूआई भी मध्यम श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को भी तापमान 40 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है तथा आसमान साफ रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगी वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। मंगलवार को तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ 40 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि बुधवार को फिर से बढ़कर 41 से 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 जून को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है वही न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। तापमान में वृद्धि के साथ-साथ उमस भी बढ़ेगी, जिससे लोगों को दिनभर गर्मी का अधिक एहसास होगा। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
केंद्रीय नियंत्रण प्रदूषण बोर्ड द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार नोएडा का एक्यूआई 134 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 168 दर्ज किया जा रहा है, जो मध्यम श्रेणी और येलो जोन में है।

