August 8, 2026

NIT की बिजली दुकान से कॉपर तार चोरी, एक और आरोपी गिरफ्तार

NIT फरीदाबाद कॉपर तार चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: NIT फरीदाबाद स्थित बिजली के सामान की दुकान से कॉपर की तार चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वारदात में इस्तेमाल गाड़ी और लोहे की रॉड समेत 70 हजार रुपये बरामद किए जा चुके हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-8 निवासी विनय की NIT फरीदाबाद में बिजली के सामान की दुकान है। उन्होंने थाना कोतवाली में शिकायत दी थी कि 9 फरवरी 2026 को अज्ञात व्यक्ति दुकान से कॉपर की तार चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने आरोपी अयुब (34), निवासी जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि अयुब ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के मुताबिक, 9 फरवरी की रात आरोपी अपने साथियों के साथ गाड़ी लेकर दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने लोहे की रॉड से दुकान के शटर का ताला तोड़ा और अंदर रखी कॉपर की तार चोरी कर ली। इसके बाद चोरी का सामान गाड़ी में डालकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों से वारदात से संबंधित 70 हजार रुपये, चोरी में इस्तेमाल गाड़ी और लोहे की रॉड बरामद की गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अयुब के खिलाफ पहले से चोरी के करीब 8-9 मामले दर्ज हैं।

आरोपी को पूछताछ और बरामदगी के लिए अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से चोरी में शामिल अन्य साथियों और चोरी किए गए सामान के बारे में पूछताछ की जाएगी।