Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर हो रही साइबर ठगी को लेकर आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठग लोगों को फोन कर खुद को बैंक कर्मचारी बताते हैं और उन्हें क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का लालच देते हैं।
ठग बड़ी चालाकी से लोगों से उनके क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी जैसे कार्ड नंबर, CVV और मोबाइल पर आने वाला OTP (वन टाइम पासवर्ड) पूछ लेते हैं। कई मामलों में ठग लोगों को एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भी कहते हैं, जिसे इंस्टॉल करने के बाद उनके मोबाइल के मैसेज तक पहुंच बन जाती है और ठग आसानी से OTP हासिल कर खाते से पैसे निकाल लेते हैं।
ठगी का तरीका:
• ठग फोन कर खुद को बैंक अधिकारी बताते हैं
• क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का लालच देते हैं
• कार्ड डिटेल, CVV और OTP मांगते हैं या APK फाइल डाउनलोड कराते हैं
• इसके बाद खाते से पैसे निकाल लेते हैं
फरीदाबाद पुलिस मुख्यालय की पुलिस उपायुक्त हिमाद्री कौशिक ने बताया कि इस तरह की ठगी से बचने के लिए सबसे जरूरी है जागरूक रहना और किसी भी लालच या डर में न आना।
बचाव के उपाय:
• कभी भी OTP, CVV या कार्ड डिटेल किसी के साथ शेयर न करें
• “बैंक से कॉल” कहने वाले व्यक्ति की पहले जांच करें
• अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड न करें
• संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत काटें और बैंक के आधिकारिक नंबर पर संपर्क करें
• ठगी की कोशिश होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बैंक कभी भी फोन पर OTP या पूरी कार्ड जानकारी नहीं मांगता।
ठगी होने पर क्या करें:
• तुरंत अपने बैंक को सूचित करें
• 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें
• https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सतर्क रहें और इस तरह के साइबर फ्रॉड से खुद को सुरक्षित रखें।

