Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में IPO में निवेश का लालच देकर 20,41,000 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना NIT की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-43 निवासी एक महिला को ठगों ने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा, जहां निवेश से जुड़े फायदे दिखाए जाते थे। इसके बाद ठगों ने उसे एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया और उसमें अकाउंट खुलवाया। फिर IPO में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा दिया।
महिला ठगों के झांसे में आ गई और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 20.41 लाख रुपये उनके खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब उसने पैसे वापस मांगे तो ठग बहाने बनाने लगे। इसके बाद महिला ने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज करवाई।
जांच के दौरान पुलिस ने 25 मार्च को गौरी शंकर (निवासी पाली, राजस्थान) को उज्जैन (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि उसने विजय सिंह के बैंक खाते को ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था, जिसमें इस ठगी के करीब 14 लाख रुपये आए थे।
आरोपी पेशे से ड्राइवर है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।

