Faridabad/Alive News: भारत के 80 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बीएसएनएल ने अपने ग्राहकों के लिए कई नई सुविधाओं और खास ऑफरों की घोषणा की है। कंपनी का कहना है कि इन पहलों का मकसद ग्राहकों को बेहतर कनेक्टिविटी, डिजिटल सेवाएं और मनोरंजन की सुविधा देना है।
बीएसएनएल के सीनियर जनरल मैनेजर डॉ. डीएन कात्यायन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर फ्रीडम 2.0 ऑफर शुरू किया गया है। इसके तहत नए ग्राहक सिर्फ एक रुपये में बीएसएनएल के मोबाइल नेटवर्क का अनुभव कर सकेंगे। इसके अलावा बीएसएनएल फाइबर का 1, 111 रुपये प्रति माह वाला फ्रीडम प्लान, नया सेल्फकेयर मोबाइल ऐप और फ्री एंटरटेनमेंट टीवी सेवा भी शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि कंपनी ने सैटेलाइट फोन सेवा, 2,399 रुपये वाले मोबाइल प्लान में अतिरिक्त वैधता और पालीकैब के साथ साझेदारी जैसी पहल भी शुरू की हैं। इन सेवाओं से ग्राहकों को कनेक्टिविटी के साथ मनोरंजन और डिजिटल सुविधाएं भी मिलेंगी।
फरीदाबाद में 37 पार्टनर कर रहे काम
डॉ. कात्यायन ने कहा कि फरीदाबाद में बीएसएनएल के 37 पार्टनर हैं, जो ग्राम पंचायतों तक कंपनी की सेवाएं पहुंचाने का काम कर रहे हैं। हर कनेक्शन पर पार्टनर को करीब 6,300 रुपये का भुगतान किया जाता है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। साथ ही इन पार्टनरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बीएसएनएल की सेवाओं की जानकारी और कनेक्शन उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

