June 20, 2026

NEET-2026 को लेकर फरीदाबाद पुलिस हाई अलर्ट पर, डीसीपी उत्तम ने कहा-परीक्षा केंद्रों के अलावा भी पुलिस की नजर

फरीदाबाद में NEET-2026 परीक्षा की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते डीसीपी एनआईटी उत्तम।

-19 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, फ्रिस्किंग से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था तक विशेष निगरानी
-नकल, पेपर लीक और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

Faridabad/Alive News : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए फरीदाबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। जिले में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा में निर्धारित 19 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए डीसीपी उत्तम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में उन्होंने शनिवार को K.L. Mehta Dayanand College में सुरक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसीपी उत्तम ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करें और किसी भी संभावित समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

फ्रिस्किंग प्रक्रिया पर रहेगा विशेष फोकस
पुलिस ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया को बेहद गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक परीक्षार्थी की निर्धारित मानकों के अनुसार फ्रिस्किंग की जाएगी ताकि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाई जा सके।

होटल, साइबर कैफे और फोटोकॉपी सेंटरों पर निगरानी
डीसीपी उत्तम ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला, लॉज, साइबर कैफे, प्रिंटिंग प्रेस और फोटोकॉपी सेंटरों पर विशेष निगरानी रखें। संदिग्ध गतिविधियों, प्रश्नपत्र लीक करने की कोशिश, नकल सामग्री के वितरण या सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

परीक्षा केंद्रों के आसपास रहेगा पुलिस पहरा
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार परीक्षा के दिन सभी परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी ताकि अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अभ्यर्थियों से समय से पहले पहुंचने की अपील
फरीदाबाद पुलिस ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या सूचना की जानकारी तुरंत डायल-112, पुलिस कंट्रोल रूम या स्थानीय पुलिस को दें।

बैठक में एसीपी बल्लभगढ़, तिगांव, सेंट्रल, एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद और सराय क्षेत्र के अधिकारियों सहित थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।