Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के मुख्य द्वार पर मांगों को लेकर धरना दे रहे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में एनआईटी-86 के पूर्व विधायक नीरज शर्मा पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों के बीच बैठकर उनकी मांगें सुनीं और भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
नीरज शर्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को साफ रखने और लोगों को बीमारियों से बचाने के लिए दिन-रात काम करते हैं। इसके बावजूद उन्हें अपने हक और अधिकारों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके साथ न्याय होना चाहिए।
पूर्व विधायक ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन मंत्री स्व. पंडित शिव चरण लाल शर्मा ने 1800 सफाई कर्मचारियों को पक्का करने के नियुक्ति पत्र दिए थे। उन्होंने कहा कि यदि आज प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होती तो कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ती।
उन्होंने 2014 की तीन साल सेवा नीति का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इस नीति के तहत पात्र कर्मचारियों को पक्का करने में कोई कानूनी बाधा नहीं है। उन्होंने सरकार से सफाई कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
धरने के दौरान नीरज शर्मा ने सफाई कर्मचारियों से प्रदर्शन के तरीके को लेकर भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पहले सत्ता में बैठे नेताओं के घरों और कार्यालयों के बाहर अपना विरोध दर्ज कराएं, ताकि उन्हें सफाई कर्मचारियों के काम और उनकी अनुपस्थिति का असर समझ में आए। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी जरूरत हो तो विपक्ष के नेताओं के यहां प्रदर्शन किया जा सकता है और वे कर्मचारियों के संघर्ष का समर्थन करेंगे।
नीरज शर्मा ने कहा कि वह सफाई कर्मचारियों की मांगों और उनके संघर्ष में उनके साथ खड़े हैं।

