September 24, 2026

गेट के बाहर कूड़ा, अंदर पढ़ाई… गंदगी और बदबू के बीच मासूमों का बचपन

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल ने बढ़ाई परेशानी, कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ स्थायी समाधान

Prabhjot Kaur/ Alive News

Faridabad: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। एनआईटी-1 स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स मॉडर्न संस्कृति प्राइमरी स्कूल के बाहर कई दिनों से कूड़े का ढेर लगा हुआ है। स्कूल प्रिंसिपल का कहना है कि यहां हड़ताल से पहले से ही लोग लगातार कचरा डाल रहे हैं। कई बार शिकायत करने और सफाई करवाने के बावजूद अगले ही दिन दोबारा कूड़ा जमा हो जाता है। बारिश के बाद कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सेहत को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

स्कूल प्रिंसिपल नीरज अरोड़ा ने बताया कि स्कूल के गेट के बाहर लोग लंबे समय से कचरा डालते आ रहे हैं। लोगों को रोकने के लिए कई बार गार्ड को गेट पर बैठाया गया, लेकिन गार्ड के हटते ही लोग फिर कचरा डाल देते हैं। यहां तक कि लोगों को कचरा डालने से रोकने के लिए गेट के पास भगवान की मूर्ति तक रखी गई, लेकिन इसका भी कोई असर नहीं हुआ। कूड़े की समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग में शिकायत की गई। शिकायत के बाद कर्मचारी सफाई कर जाते हैं, लेकिन यह केवल खानापूर्ति साबित होती है। अगले दिन फिर उसी स्थान पर कूड़े का ढेर लग जाता है। अब सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण स्थिति और खराब हो गई है।

प्रिंसिपल के अनुसार, बारिश होने पर कूड़े से तेज दुर्गंध आने लगती है। स्कूल के गेट के पास ही गंदगी जमा होने से बच्चों और स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उनकी मांग है कि कूड़ा उठाने के साथ-साथ यहां दोबारा कचरा डालने वालों पर भी कार्रवाई की जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।