Faridabad/Alive News: तिगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव नीमका में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड के विरोध में ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण धरना स्थल पर पहुंचे और नगर निगम व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रस्तावित कूड़ाघर को रद्द करने की मांग की।
तिगांव से कांग्रेस नेता रोहित नागर ने भी ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन दिया। वह शनिवार को समर्थकों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और कहा कि नीमका में किसी भी कीमत पर डंपिंग यार्ड नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के हक और स्वास्थ्य की लड़ाई में वह उनके साथ खड़े हैं। जब तक डंपिंग यार्ड का प्रस्ताव वापस नहीं लिया जाता, विरोध जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डंपिंग यार्ड बनने से नीमका के साथ आसपास के गांवों के लोगों का जीवन भी प्रभावित होगा। कूड़े से दुर्गंध, प्रदूषण और गंदगी फैलने से लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन स्वच्छ वातावरण में रहने के ग्रामीणों के अधिकार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, ग्रामीण इस मुद्दे को लेकर स्थानीय, राज्य और केंद्र स्तर के मंत्रियों से मिल चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें ठोस समाधान नहीं मिला है। उन्होंने प्रशासन से प्रस्ताव को वापस लेने की मांग की।
धरने में जगबीर सरपंच, प्रताप नागर, धीरज यादव, नरवीर यादव, यशपाल नागर, जोगिंदर नागर, चमन लोहिया, सुंदर नागर, जयचंद, संजय, नितिन, ब्रह्म सिंह, अमित सिंह नवादा, जयवीर यादव, रोहतास, मनीष, पंकज नागर, प्रेमचंद शर्मा और हरिश्चंद्र हवलदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

